बैडमिंटन खिलाड़ी और एशियन चैंपियन लक्ष्य सेन छह से 18 अक्तूबर तक अर्जेंटीना में होने वाले तीसरे यूथ ओलंपिक में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह सिंगल्स और मिक्स डबल्स में चुनौती पेश करेंगे। लक्ष्य डबल्स में महिला शटलर वैष्णवी रेड्डी के साथ खेलेंगे। भारतीय शूटर मनु भाकर भारतीय टीम की ध्वज वाहक होंगी। लक्ष्य 68 सदस्यीय भारतीय दल में शामिल हैं, जिसमें 46 खिलाड़ी, 22 कोच और अधिकारी शामिल हैं। 46 खिलाड़ियों के दल में लक्ष्य सेन उत्तराखंड के एकमात्र खिलाड़ी हैं।
लक्ष्य सेन ने हाल ही में 53 वर्ष बाद एशियन जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। उन्होंने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी को पराजित किया था। भारतीय टीम के खिलाड़ी कुश्ती, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, जूडो, तीरंदाजी, निशानेबाजी, बैडमिंटन, तैराकी, हॉकी, टेबल टेनिस, रोइंग, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग और भारोत्तोलन में प्रतिभाग करेंगे।
इधर, उत्तरांचल बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी का कहना है कि यूथ ओलंपिक में लक्ष्य से काफी उम्मीदें हैं। टीम के सोमवार की रात अर्जेंटीना रवाना होने से पहले दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और अधिक से अधिक पदक लाने का आह्वान किया। भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।