कुंजवाल ने लिया पेयजल योजना का जायजा
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने धौलादेवी ब्लॉक में 35.70 करोड़ लागत से बन रही सरयू-बेलख-दन्यां पेयजल पंपिंग योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से जल्द ही क्षेत्र के लोगों को पेयजल उपलब्ध होगा। ब्लॉक के 300 गांव लाभान्वित होंगे। उन्होंने एक पखवाड़े के भीतर गांवों में पेयजल आपूर्ति करने के निर्देश दिए।
कुंजवाल ने पेयजल योजन के सरयू नदी में स्थापित मुख्य पंप स्टेशन सहित पेयजल टैंक का निरीक्षण किया। आरा में निर्मित टैंक, पंप हाउस, बचखोला, सल्पड़, टकोली, बैलख आदि स्थानों पर निर्मित पेयजल टैंक और पंप हाउस देखे। साथ ही पेयजल की उपलब्धता देखी। विभागीय अधिकारियों को एक पखवाड़े के भीतर लाभान्वित होने वाले गांवों में पेयजल आपूर्ति करने को कहा।
उन्होंने पंप हाउस से टैंकों में पानी चलाने के बाद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आरा सल्पड़ पंप हाउस में ग्रामीणों द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में कहा कि योजना के बनने से बरसों से पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों को निजात मिलेगी। विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रशांत भैसोड़ा थे।
इस अवसर पर जल निगम के अधिशासी अभियंता आरबी मौर्य, केडी भट्ट, वाईएस लस्पाल आदि ने विधानसभा अध्यक्ष को तकनीकी जानकारी दी। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश जोशी, पूरन बिष्ट, महेश भट्ट, कुंदन गैड़ा, रमेश भट्ट, दान सिंह बोरा, दीवान बिष्ट, गोविंद पांडे, नंदाबल्लभ जोशी, मथुरा दत्त पांडे आदि थे।