अल्मोड़ा। तदर्थ नियुक्ति की एक सूत्रीय मांग को लेकर अतिथि शिक्षकों का चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में चल रहा धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। अतिथि शिक्षकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। उन्होंने मांग शीघ्र पूरी न होने पर 13 दिसंबर को सामूहिक अनशन पर बैठने का एलान किया।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें लगातार आश्वासन मिले लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस कारण अतिथि शिक्षकों का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर अतिथि शिक्षकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। स्कूलों में परीक्षाएं होने वाली है लेकिन अतिथि शिक्षकों के हड़ताल पर जाने से पढ़ाई पर बुरा असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य असुरक्षित होने से अतिथि शिक्षक मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर अतिथि शिक्षकों की मांग पूरी करनी चाहिए। उन्होंने मांग शीघ्र पूरी न होने पर 13 दिसंबर को सामूहिक अनशन का एलान किया। ममता, चंद्रकला, नीमा आर्या, प्रेमा, गीता, मोहनी, इंद्रा बिष्ट, नीता, अभिलाषा, श्वेता, मनीषा, राकेश, कमलेश पांडे, गीतांजलि, भूपेंद्र आगरी, रमेश चंद्र, भरत आर्या आदि ने धरना दिया।