अल्मोड़ा। शुक्रवार शाम कोसी नदी में आई बाढ़ के बाद जल संस्थान के पंप हाउस में भारी मात्रा में मलबा भर गया जिससे तीनों पंप ठप हो गए हैं। शनिवार को भी नगर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाली करीब एक लाख से अधिक की आबादी को पानी नहीं मिल सका। पंपों में पानी घुस जाने और नदी में गाद के कारण अगले दो तीन दिनों तक पानी की आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद नहीं है। जल संस्थान के महाप्रबंधक एचके पांडे सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
शुक्रवार शाम मनान इलाके में तेज बारिश हुई जिससे कोसी नदी में बाढ़ आ गई और नदी का जल स्तर काफी ऊपर पहुंच गया। पानी के साथ नदी में भारी मात्रा में मलबा आदि भी आ गया। यह मलबा जल संस्थान के पंप हाउस में भर गया। जिससे जल संस्थान के तीनों पंपों ठप हो गए। जिससे शुक्रवार शाम से ही पानी की आपूर्ति ठप हो गई। जानकारी मिलने के बाद जल संस्थान के महाप्रबंधक एचके पांडे भी नैनीताल से यहां पहुंच गए।
जल संस्थान के सभी कर्मचारियों को मौके पर बुला लिया गया और शनिवार को नदी का जल स्तर नीचे आने के बाद पंपों को निकाला गया। साथ ही कर्मचारियों ने पंप हाउस में घुसा मलबा भी बाहर निकाला। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता नंद किशोर ने बताया कि पंपों में भरा पानी निकालकर सुखाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल नदी में काफी गाद भरी है और पंपों को दुरुस्त करने के बाद दो दिन बाद पानी की आपूर्ति सुचारु हो जाने की उम्मीद है। इधर जल संस्थान ने शनिवार को नगर के कई इलाकों में टैंकरों से पानी बांटा।