रानीखेत (अल्मोड़ा)। बारिश से बचने के लिए कलमठ के नीचे घुसे दो स्कूली बच्चों सहित पांच लोग बरसाती नाली में बह गए। लगभग 20 मीटर बहने के बाद चार लोग तो सुरक्षित बचकर बाहर निकल आए, लेकिन एक मजदूर बहने के कारण बुरी तरह से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर शाम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरचौन के छात्र कमलेश और सौरभ स्कूल से घर लौट रहे थे। शाम साढ़े चार बजे अचानक बारिश आ गई। दोनों छात्र बारिश से बचने के लिए कलमठ के अंदर चले गए।
उनके साथ कठपुड़िया-शीतलाखेत मोटर मार्ग से कुरचौन गांव के लिए निर्माणाधीन लिंक मार्ग के तीन मजदूर अंबादत्त, लीलाधर, चंद्रमणि और गिरीश चंद्र भी चले गए। बताया गया है कि इसी बीच कलमठ में बरसाती नाला उफन आया और सभी लोग नाले में बहने लगे। हालांकि 20 मीटर जाने के बाद चार लोग सुरक्षित बाहर आ गए, लेकिन मजदूर अंबादत्त कुछ दूर तक बह गया जिस कारण उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उसका यहां राजकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। अस्पताल के डा. महेश चंद्र ने बताया अंबादत्त की हालत अब खतरे से बाहर है।