चौखुटिया (अल्मोड़ा)। मासी में दो दिवसीय भूमियां देवता वार्षिक समारोह का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। पहले दिन सत्संग, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें तमाम लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मासी में युवा संगठन दिल्ली, ग्राम काला चौना और युवा मंडल दिल्ली और मासी की ओर से आयोजित दो दिवसीय भूमियां देवता वार्षिक समारोह के पहले दिन प्रसिद्ध भूमियां मंदिर परिसर से शुरू हुई कलश यात्रा मासी बाजार के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। इस दौरान पीले परिधान पहने और सिर में कलश धारण किए महिलाएं और पुरुष हरे कृष्णा, हरे रामा के साथ ही भूमियां देवता के जयकार लगाते और भजन गाते चल रहे थे।
इस मौके पर मुम्बई से पहुंचे रघुवीर दास और लखनेश्वरी धाम से पहुंची लखनेश्वरी माता ने अपने प्रवचन में सत्संग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए लोगों से सद् मार्ग पर चलने को कहा। रामगंगा वैली स्कूल और राजकीय कन्या इंटर कालेज के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भूमियां मंदिर में विशेष योगदान के लिए दर्जनभर परिवारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य राधा पांडे ने और संचालन अमर सिंह रावत ने किया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक रामस्वरूप मासीवाल, खीमानंद कबडवाल, संतोष मासीवाल, भगवत सिंह बिष्ट, गोपाल मासीवाल, हरीश मैनाली, विजय गोरखा, शंकर सिंह बिष्ट, शंकर सिंह रावत, सुभाष बिष्ट, बालादत्त तिवारी, हेम उपाध्याय सहित कई पंचायत प्रतिनिधि तथा गणमान्य लोग शामिल थे। इस दौरान तमाम लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में निकटवर्ती गावों से नगाड़े-निशाणे भी पहुंचे।