अल्मोड़ा/रानीखेत/भतरौंजखान/जागेश्वर/भिकियासैंण/स्याल्दे। अल्मोड़ा जिले में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। सुबह से ही नगर के विभिन्न मंदिरों में महिलाओं की भीड़ रही। घरों में भी लोगों ने व्रत रखकर श्रीकृष्ण के भजन गाए। जागेश्वर धाम के मंदिरों में भजन कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा।
नगर के थाना बाजार स्थित मुरली मनोहर मंदिर, रघुनाथ मंदिर समेत अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। मुरली मनोहर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु पूजा को आने लगे थे।
भिकियासैंण में जन्माष्टमी पर विभिन्न संगठनों ने राधा-कृष्ण, कृष्ण-सुदामा आदि की बाजार में भव्य झांकियां निकालीं। झांकियां कृष्ण मंदिर से सदर बाजार, गांधीनगर, चौकी तिराहे, सिनार तिराहे, तहसील चौराहे होते हुए मुख्य बाजार बडियाली, खड़ी बाजार, किनारी बाजार से कृष्ण मंदिर पहुंची।
इस मौके पर बाड़नाथ सोसायटी अध्यक्ष बालमनाथ, शंकर फुलारा, उमेश नैलवाल, लीला बिष्ट, हरीश बिष्ट आदि मौजूद रहे।
स्याल्दे में आयोजित जन्माष्टमी मेले में प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वाराहाट के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। मटकी फोड़ कार्यक्रम में बच्चों ने दही से भरी हांडी फोड़ी। यहां मथुरा दत्त, कुंदन लाल, थानाध्यक्ष देघाट दिनेश नाथ महंत सहित मौजूद रहे।
रानीखेत में कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर में भी जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। ऐतिहासिक मनकामेश्वर मंदिर को फूलों और झालरों से सजाया गया जहां सुबह से ही भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार की गूंज रही। समारोह में कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव वीएसएम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कान्हा बने मकेड़ी निवासी आधृत सिंह भोज आकर्षण का केंद्र रहा।