वृद्ध जागेश्वर मंदिर मार्ग पर मलबा हटाती जेसीबी मशीन। संवाद
जागेश्वर (अल्मोड़ा)। वृद्ध जागेश्वर मंदिर मार्ग पर भारी भूस्खलन के चलते पिछले पांच दिन से यातायात बंद है। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण सड़क खोलने में दिक्कतें आ रही हैं। मार्ग बंद होने से मंदिर के साथ ही 12 से अधिक गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित है। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बाधित होने से क्षेत्र के होम स्टे और होटलों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों और पर्यटन कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
दो जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा
सड़क खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से दो जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। दोनों मशीनें लगातार मलबा हटाने में जुटी हैं लेकिन पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण काम प्रभावित हो रहा है। अब मलबा हटाने के लिए पोकलैंड मशीन की व्यवस्था की गई है। इसके देर रात तक मौके पर पहुंचने की उम्मीद है। एक दर्जन से अधिक गांवों की आवाजाही प्रभावित भूस्खलन के कारण वृद्ध जागेश्वर मंदिर के साथ ही शौकियाथल, जौबांज, थिकलना, एरखान, जाटुरी, झिरकोट, बोड़ा, निस्नेली और त्रिनेली समेत एक दर्जन से अधिक गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित है। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को जरूरी कामों के लिए आवाजाही करने में परेशानी हो रही है। मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्र में पहुंचने वाले पर्यटकों की आवाजाही भी प्रभावित है। सड़क बंद होने से होम स्टे और होटल संचालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कोट
मार्ग खोलने के लिए दो जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। लगातार मलबा गिरने से काम प्रभावित हो रहा है। स्थिति को देखते हुए पोकलैंड मशीन की व्यवस्था की गई है, जिसके आज रात तक पहुंचने की उम्मीद है। जल्द-से-जल्द मलबा हटाकर यातायात सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है। - पूरन चंद्र बहुगुणा, जेई, लोक निर्माण विभाग