अल्मोड़ा स्थित शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रंद्धाजलि अर्पित करते एसएसपी चंद्रशेखर घोडके। संव
अल्मोड़ा। पुलिस स्मृति दिवस पर बुधवार को पुलिस लाइन अल्मोड़ा स्थित शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने देश की रक्षा और कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले 164 पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को याद करते हुए शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर विगत एक वर्ष में कर्तव्य पालन के दौरान देश में शहीद हुए पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के कुल 164 अधिकारियों और कर्मचारियों के अमर बलिदान को याद किया गया, जिनमें उत्तराखंड पुलिस के एक जांबाज कर्मी भी सम्मिलित हैं। अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र व पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले उत्तराखंड पुलिस के शहीद उपनिरीक्षक स्व. विनोद कुमार के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के प्रति समर्पण को नमन किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सीओ बलवंत सिंह रावत, सीएफओ नरेंद्र सिंह कुंवर, सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा सहित कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्य कार्यक्रम के अतिरिक्त जिले के सभी थानों, चौकियों और फायर स्टेशनों में भी शहीद पुलिस कर्मियों की स्मृति में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर वीर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।