उप डाकघर शीतलाखेत में एक पखवाड़े से इंटरनेट सेवा ठप होने से लेन-देन समेत विभिन्न कार्य ठप हैं। दूरस्थ गांवों से ग्रामीण हर रोज डाकघर में आ रहे हैं, लेकिन काम नहीं होने के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इंटरनेट सेवा शीघ्र ठीक नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि सात मई से उप डाकघर शीतलाखेत में इंटरनेट सेवा ठप पड़ी है। इस कारण डाकघर में लेन-देन कार्य ठप है। साथ ही किसान बचत पत्र, आरडी आदि से संबंधित काम भी नहीं हो पा रहे हैं। डाकघर में मटेला, सड़का, स्याहीदेवी, खर्चिया, नौला, चंपा, सल्ला, बडगल भट्ट, बडगल रौतेला, एणू, आनंदनगर, हरड़ा, रैखलधार, भाकड़, शीतलाखेत, बसर, टकोली समेत 40 गांवों के लोग प्रतिदिन काम के लिए आ रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
इससे जहां ग्रामीणों का पूरा दिन बर्बाद हो रहा है वहीं उन्हें भारी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। व्यापार मंडल शीतलाखेत के अध्यक्ष गणेश चंद्र पाठक ने बताया कि इस संबंध में कई बार उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन खराब इंटरनेट सेवा को ठीक नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जरूरी काम नहीं होने के कारण ग्रामीणों को दूसरे डाकघरों में जाना पड़ रहा है। जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।