रानीखेत (अल्मोड़ा)। तमाम कोशिशों के बाद भी पर्यटन नगरी के आंतरिक मोटर मार्गों की हालत नहीं सुधर पा रही है। नगर को जोड़ने वाले कई मोटर मार्ग बदहाल हैं, जबकि कुछ सड़कों में एक साल पहले ही छावनी परिषद ने डामर कराया था। सड़कों की बदहाली से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
मालूम हो कि आबकारी मोटर मार्ग पर छावनी परिषद ने एक साल पहले डामर कराया था, लेकिन इस सड़क में कई स्थानों फिर से डामर उखड़ने लगा है, जिस कारण वाहन चालकों के साथ ही स्थानीय नागरिकों को भी दिक्कतें हो रही हैं। ठंडी रोड भी कई स्थानों पर बदहाल है, जबकि इस सड़क से आए दिन अधिकारी और जनप्रतिनिधि गुजरते हैं।
राजकीय अस्पताल को जोड़ने वाले मोटर मार्ग के बीचों बीच बना गड्ढा वर्षों बाद भी नहीं पाटा जा सका है। गड्ढे में वाहनों के टायर फंस रहे हैं। कई बार लोगों ने पत्थरों से इस पाट दिया था, लेकिन फिर से यहां पर गड्ढा बन चुका है। सैलानी नगरी होने के कारण वर्ष भर यहां पर्यटक पहुंचते हैं, सड़कों की बदहाली से वह भी कड़वे अनुभव लेकर लौटते हैं।
छावनी परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नेगी ने बताया कि आबकारी सड़क पर एक साल पहले डामरीकरण हुआ था, लेकिन मार्ग से डामर उखड़ने लगा है, इसके लिए छावनी परिषद को सूचना दे दी गई है।