अल्मोड़ा। सोशल मीडिया में भ्रामक और झूठी खबरें डालने पर नाराज एसएसपी पीएन मीणा ने पुलिस की एक टीम को इस तरह की पोस्ट डालने वालों पर खास नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम जनता से एक बार फिर सोशल मीडिया (फेसबुक, व्हाट्एप, इंस्टॉग्राम, ट्वीटर) में सांप्रदायिक रंग देने वाली कोई भी पोस्ट नहीं डालने की अपील की है। उन्होंने जनता से लॉकडाउन का पालन करने की भी अपील की है।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की पहचान हमेशा से सांस्कृतिक सौहार्द बढ़ाने वाली रही है। सोशल मीडिया में भ्रामक, झूठी और वैमनस्य पैदा करने वाली पोस्ट डालने से समाज का ताना-बाना खराब होने का खतरा बना रहता है। सोशल मीडिया में पुलिस की एक टीम लगातार नजर रख रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है।
उन्होंने आम जनता से लॉक डाउन का पालन करने और घर में अपने परिवार के साथ वक्त बिताने को भी कहा है। मालूम हो बीते सात दिन के भीतर तीन चार लोगों ने सोशल मीडिया में भ्रामक, झूठी और भड़काने वाली पोस्ट अपलोड या शेयर की थी जिसके बाद पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर लिया था।