अल्मोड़ा/बागेश्वर। जिले में मंगलवार से स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना का दूसरा टीका लगना शुरू होगा। पहले दिन जिले के दो केंद्रों में टीकाकरण किया जाएगा। जिसमें करीब ढाई सौ से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगेंगे। वहीं अन्य केंद्रों में अंग्रिम पंक्ति के कार्मिकों को अब भी पहला लगने का कार्य जारी रहेगा।
सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 16 जनवरी से टीकाकरण शुरू हुआ। सात फरवरी तक पहले चरण के टीकाकरण में जिले में लगभग 4800 स्वास्थ्य कर्मियों को पहला टीका लगा। जिसके बाद से जिले में दूसरे चरण में अग्रिम पंक्ति के कार्मिकों का टीकाकरण किया जा रहा है। वहीं अब टीकाकरण शुरू हुए 28 दिन से अधिक का समय बीत गया है। बता दें कि पहली डोज के 28 दिन बाद टीकाकरण की दूसरी डोज लगनी है। इधर अब विभाग की ओर से जिले में मंगलवार से टीकाकरण की दूसरी डोज लगनी शुरू होगी। जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। उधर बागेश्वर जिले में स्वास्थ्य कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मंगलवार से कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी। जिला चिकित्सालय और सीएमओ कार्यालय में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होगा।
प्रथम चरण में 2190 कार्मिकों को टीका लगा था। इस हिसाब से जिले में पहले चरण में 81 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। इसमें नौ प्रतिशत लोगों को बीमार रहने के कारण टीका नहीं लगाया गया। दस प्रतिशत लोग अनुपस्थित रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों को मंगलवार से कोरोना का दूसरा टीका लगेगा। 16 और 18 जनवरी को पहले चरण में जिन्हें टीका लगा था उन्हें दूसरा टीका लगाया जाएगा। सुबह नौ बजे से जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों में टीकाकरण शुरू होगा। पहले दिन इन दो केंद्रों में 284 कार्मिकों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है।
अग्रिम पंक्ति के 140 कार्मिकों को लगा टीका
अल्मोड़ा। जिले में अंग्रिम पंक्ति के कार्मिकों का टीकाकरण जारी है। सोमवार को 14 केंद्रों में कुल 140 कार्मिकों को टीका लगा। सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में टीकाकरण के लिए अग्रिम पंक्ति के कुल तीन हजार कार्मिकों का डाटा तैयार किया गया था। जिसमें से अब तक 2418 कार्मिकों को टीका लग चुका है। अब भी बचे कार्मिकों को तमाम केंद्रों में टीकाकरण किया जाएगा। (संवाद)