अल्मोड़ा। पुलिस लाइन अल्मोड़ा में सोमवार को पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन और अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने आवश्यक निर्देश दिए। वहीं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
गोष्ठी में एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनते हुए उनके निवारण के निर्देश दिए। कहा कि लोगों को नियमों का पालन करवाने के लिए पुलिस को सबसे पहले स्वयं अनुशासन में रहने की जरूरत है। आम जनता से मित्रता का व्यवहार रखते हुए व्यवस्थाएं चाकचौबंद की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। थानों, चौकियों और बैरिकों का जल्द सुधारीकरण किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने जिले में चलाए जा रहे अभियानों में प्रभावी कार्रवाई करने, महिलाओं से संबंधित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण, लंबित विवेचनाओं और शिकायती प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण और थानों में जनसंवाद, जनता की शिकायतों और सुझावों को सुनने आदि के निर्देश दिए। गोष्ठी में अभियोजन अधिकारी शासकीय अधिवक्ता पूरन सिंह कैड़ा और वीपी टम्टा से विवेचकों से अभियोगों की विवेचना संबंधित विस्तृत चर्चा की गई।
इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय देहरादून से स्वीकृत जिले में नियुक्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के हाईस्कूल और इंटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आठ छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सीओ मातवर सिंह रावत, प्रतिसार निरीक्षक जीतेंद्र पाठक, अभिसूचना निरीक्षक कमल कुमार पाठक, कोतवाल हरेंद्र चौधरी, रानीखेत प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, यातायात निरीक्षक गणेश हरड़िया आदि मौजूद रहे।
इन छात्रों को किया सम्मानित
अल्मोड़ा। हाईस्कूल में मोहम्मद सलमान पुत्र एसआईएम रिफाकत नबी खां, हर्षित बचकोटी पुत्र कांस्टेबल रविंद्र, हर्षित सिंह धामी पुत्र संदेश वाहक हरीश सिंह, पूजा त्रिकोटी पुत्री कांस्टेबल मोहन त्रिकोटी को सम्मानित किया। इंटरमीडिएट के करन हर्बोला पुत्र हेड कांस्टेबल महेश चंद्र हर्बोला, ज्योति आर्या पुत्री कांस्टेबल पुष्कर लाल आर्या, अभिषेक धौनी पुत्र कांस्टेबल दयाप्रकाश धौनी, प्रियंका रावत पुत्र संदेश वाहक गजेंद्र रावत को सम्मानित किया गया।