प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली। संवाद
- फोटो : ALMORA
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। पहाड़ की स्वास्थ्य सेवाएं किस हाल में हैं इसे वहां के लोग ही बेहतर ढंग से समझ सकते हैं। आज हम आपको दो ऐसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के बारे में बता रहे हैं जो खुद बीमार हैं। एक अस्पताल हफ्ते में तीन दिन ही खुलता है। वहां भी डॉक्टर नहीं फार्मेसिस्ट इलाज करते हैं। एक में हफ्ते में चार मरीज ही पहुंचते हैं। ताज्जुब यह है कि दोनों को ग्रेड ए मिला हुआ है।
अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण ब्लाक अंतर्गत उत्तमसाणी में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एकमात्र डॉक्टर तीन साल से अन्यत्र संबद्ध हैं। बताया जा रहा है कि 2019 में कार्यभार ग्रहण करने के बाद से डॉक्टर वहां नही हैं। पाली स्वास्थ्य केंद्र के फार्मेसिस्ट हफ्ते में तीन दिन बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को उत्तमसाणी पहुंचकर स्वास्थ्य केंद्र में बैठते हैं। इस पर भी यदि उन्हें बैठक आदि में जाना होता है तो स्वास्थ्य केंद्र खुलना मुश्किल हो जाता है। स्वास्थ्य केंद्र में वार्ड ब्वाय और स्वच्छक भी नही हैं। रखरखाव के अभाव में खस्ताहाल भवन के चारों ओर झाड़ियां उग आई हैं। केंद्र में बिजली का कनेक्शन भी नहीं है।
पाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का हाल भी ऐसा ही है। डॉक्टर के न होने से यहां हफ्ते में तीन से चार मरीज ही आते हैं। यहां एक स्थायी और अनुबंध पर डॉक्टर तैनात हैं लेकिन मरीजों को इलाज नहीं मिल पाता। स्वास्थ्य केंद्र फार्मेसिस्ट के भरोसे चल रहा है। उन्हें भी हफ्ते में तीन दिन उत्तमसाणी जाना पड़ता है। फार्मेसिस्ट पीसी फुलोरिया ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में हफ्ते सिर्फ तीन से चार मरीज ही पहुंचते हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उत्तमसाणी से अन्यत्र संबद्ध किए गए चिकित्सक को मूल तैनाती स्थल उत्तमसाणी भेजने के निर्देश मेरे द्वारा पूर्व में ही दे दिए गए हैं। यदि इस पर कार्रवाई नहीं हुई होगी तो चौबीस घंटे में कार्रवाई हो जाएगी। जहां तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में अनुपस्थित चल रहे चिकित्सक का सवाल है तो उनका वेतन आहरित नहीं किया जा रहा है। यदि वे दोबारा सेवा में आऐंगे तो वह प्रक्रिया महानिदेशालय के माध्यम से होगी।
आरसी पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी