सोमवार को हुई बारिश से जहां किसानों के चेहरे पर कुछ राहत के भाव नजर आए वहीं मंगलवार शाम को भारी ओलावृष्टि ने किसानों की फसल को बर्बाद कर दिया है। एक घंटे तक लगातार हुई ओलावृष्टि से खेतों में बोई गई फसल और सब्जी को काफी नुकसान पहुंचा है। विकासखंड भैंसियाछाना के दियारी, कॉचुला, रूपीकूड़ा, सगबड़ा, मल्ली धौनी, तल्ली धौनी, बमनगॉव आदि क्षेत्रों में किसानों के खेत ओलावृष्टि से पूरी तरह सफेद हो गए।
मालूम हो कि इन दिनों रबी की फसल होती है, लेकिन ओलावृष्टि से किसानों की की गेहूं, जौ, मटर, मसूर, आलू की फसल काफी मात्रा में बर्बाद हो गई है जिससे उन्हें भारी आर्थक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ओलावृष्टि ने फलदार वृक्षों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। दियारी के ग्राम प्रधान जगदीश प्रसाद और क्षेत्र पंचायत सदस्य भावना रावत का कहना है कि कुछ दिन पूर्व सूखे की मार से परेशान किसान अब ओलावृष्टि की दोहरी मार से मायूस हो चुके हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से क्षति का आंकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।