आल्पस फैक्ट्री की जमीन की पैमाइश करते अधिकारी।
- फोटो : amar ujala
उच्च न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने यहां पातालदेवी में स्थित आल्पस फैक्ट्री की पांच नाली भूमि का कब्जा लेकर सरकार के पक्ष में करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश का काम शुरू कर दिया है।
प्रशासन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अल्मोड़ा के पातालदेवी में स्थित आल्पस फार्मास्यूटिकल्स दवा कंपनी के प्रबंध से जुड़े रहे केसी जोशी और जयेश शुक्ला आदि के बीच फैक्ट्री के स्वामित्व सहित कुछ अन्य मामलों को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। इससे जुड़े मामलों की सुनवाई हाईकोर्ट में चल रही है।
बताया गया है कि हाईकोर्ट ने एक फैसले में आल्पस फैक्ट्री को आवंटित की गई पांच नाली जमीन का कब्जा सरकार के पक्ष में करने के आदेश दिए हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद तहसीलदार संजय कुमार और जिला उद्योग केंद्र के जीएम दीपक मुरारी के नेतृत्व में टीम बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंच गई। तहसीलदार संजय कुमार ने बताया कि जिस जगह यह उद्योग लगा है यह जमीन सरकार की है जो फैक्ट्री लगाने के लिए दी गई थी। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय ने अंतिम फैसला होने तक आल्पस को दी गई पांच नाली भूमि का कब्जा लेकर सरकार के पक्ष में करने का आदेश दिया है।
उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश का अनुपालन करने के लिए पैमाइश टीम गठित की गई है। फिलहाल पैमाइश के काम में कुछ वक्त लगेगा। उक्त पांच नाली जमीन चिन्हित हो जाने के बाद इस पर कब्जा ले लिया जाएगा। बताया जाता है कि आल्पस फैक्ट्री और कुछ अन्य भवन भी इसी पांच नाली जमीन पर स्थित हैं। बता दें कि बीते कुछ सालों से फैक्ट्री का प्रबंधन संभालने वाले जयेश शुक्ला काफी समय से अल्मोड़ा में नहीं हैं और फैक्ट्री करीब छह माह से बंद है। फैक्ट्री के कर्मचारी वेतन का भुगतान करने और फैक्ट्री को संचालित करने की मांग को लेकर पिछले काफी समय से आंदोलन चलाए हुए हैं।