अल्मोड़ा। जिले के लमगड़ा विकासखंड का राजकीय जूनियर हाईस्कूल चौकुना दो दिनों से बंद है। स्कूल नहीं खुलने से नाराज अभिभावकों ने बुधवार को विद्यालय में हंगामा कर प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने विद्यालय जल्द नहीं खुलने पर 29 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना देने का एलान किया है।
राजकीय जूनियर हाईस्कूल चौकुना में तीन शिक्षक कार्यरत हैं। अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय की एक शिक्षिका को व्यवस्था के तहत प्राथमिक विद्यालय चौकुना में भेजा गया है। एक शिक्षक और प्रधानाध्यापक की उप प्रधानों के चुनाव में ड्यूटी लगी है। इस कारण जूनियर हाईस्कूल दो दिनों से बंद पड़ा है। 27 फरवरी को भी विद्यालय खुलने के आसार नहीं हैं।
अभिभावकों ने बच्चों से स्कूल न जाने का कारण पूछा तो उन्होंने तीन दिन की छुट्टी होने की बात कही। अभिभावकों के गले यह बात नहीं उतरी तो वह बुधवार को स्कूल धमक गए। उन्होंने स्कूल परिसर में नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस मौके पर हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकारी स्कूलों में मनमानी हो रही है। उन्होंने जूनियर हाईस्कूल को जल्द खोलने और प्राथमिक विद्यालय चौकुना की प्रधानाध्यापिका को मूल विद्यालय भेजने की मांग की।
उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर 29 फरवरी से बच्चों को साथ लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का एलान किया है। प्रदर्शन करने वालों में अभिभावक संघ के पूर्व अध्यक्ष रमेश नाथ गोस्वामी, प्रधान सुनीता देवी, लाली देवी, बसुली देवी, उप प्रधान राजेंद्र सिंह धानक राजू, युवक मंगल दल अध्यक्ष कृष्णा सिंह धानक, प्रियंका धानक, दिनेश सिंह, पार्वती देवी, चंद्रा देवी, ललित सिंह, मोहित नाथ, कृष्णा नाथ, जमन सिंह, प्रताप सिंह, भूपाल सिंह, गोविंद सिंह समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।