अल्मोड़ा। बजट के अभाव में अल्मोड़ा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के भवनों का निर्माण काफी धीमी गति से चल रहा है। सरकार ने हाल ही में 25 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। जिससे मेडिकल कॉलेज के भवनों के निर्माण में गति आने की उम्मीद है। सरकार ने अल्मोड़ा के मेडिकल कॉलेज को अगले साल तक शुरू करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन बजट के अभाव में भवनों के निर्माण में अभी काफी वक्त लगने की आशंका है। करीब एक तिहाई काम ही हो सका है।
बेस अस्पताल को मिलाकर बन रहे मेडिकल कालेज के प्रशासनिक और अन्य मुख्य भवनों का निर्माण करीब चार साल पहले पांडेखोला में विकास भवन के पास शुरूहुआ। भवनों के निर्माण में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत आने की उम्मीद है। शुरूमें सरकार ने भवनों का निर्माण तीन साल के भीतर करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन समय पर बजट न मिलने के कारण निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो सका। कई किश्तों में करीब 75 करोड़ रुपये मिले हैं।
बजट के अभाव में बीते दिनों निर्माण कार्य लगभग बंद होने की हालत में आ गया था। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी शासन स्तर पर प्रयास किया। काफी प्रयासों के बाद भवन निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये की एक और किश्त मिल सकी है। बताया गया है कि अब तक करीब 100 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। भवनों के निर्माण में करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मेडिकल कॉलेज को अस्तित्व में लाने के लिए भवन निर्माण के बाद भी कई अन्य काम होने हैं। जिस गति से काम चल रहा है उससे यह लगता है कि मेडिकल कॉलेज अगले साल तक भी मुश्किल से ही शुरू हो पाएगा।