रानीखेत (अल्मोड़ा)। स्याल्दे तहसील के अंतर्गत वल्मरा-केदार मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर आठ अगस्त से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। सामाजिक कार्यकर्ता विजेंद्र उनियाल ने बताया कि इस सड़क के लिए 2004 और 2011 में बड़े आंदोलन हुए।
इसके बाद राज्य सरकार ने इसकी मंजूरी दी और धनराशि भी स्वीकृत करा दी है, लेकिन विभागों की उदासीनता के चलते अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। जबकि यह मार्ग दर्जनों ग्राम पंचायतों को मुख्य बाजार स्याल्दे से जोड़ता है। आठ अगस्त तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर तहसील मुख्यालय के घेराव की चेतावनी दी गई है।