एमएमएस प्रकरण में राजस्व और रेगुलर पुलिस ने संयुक्त रूप से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी अभी भी फरार है। इस बीच, आरोपियों को रेगुलर पुलिस को सौंपने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने तहसील का घेराव किया और चक्क जाम भी लगाया। पुलिस के साथ ग्रामीणों की कई बार तीखी झड़प भी हुई।
बता दें कि एमएमएस वायरल होने पर निकटवर्ती गांव की एक किशोरी ने आत्महत्या कर ली थी, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। शुक्रवार को दिनभर चले घटनाक्रम के बाद देर रात पीड़िता के परिजनों की तरफ से नगर के जरूरी बाजार निवासी कुलदीप कुमार, हर्षित, चौधरी गार्डन निवासी शुभम चौधरी, नीरज चौधरी और शिव मंदिर लाइन निवासी जगदीश उर्फ जग्गा के खिलाफ राजस्व पुलिस ने 306, 506 और आईटी एक्ट 66 ए के तहत मुकदमा दर्ज करने के बाद राजस्व पुलिस की मदद में रेगुलर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन एक आरोपी कुलदीप कुमार फरार है।
इससे पूर्व पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से भड़के ग्रामीणों ने सुबह से ही नगर में प्रदर्शन शुरू कर दिया, कई बार तहसील का घेराव हुआ। प्रशासन पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की गई। बाद में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने मामले को शनिवार दिन में रेगुलर पुलिस को सौंपने का आश्वासन दिया, लेकिन दिन में भी कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण फिर भड़क गए। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई। गांधी चौक पर जाम लगा दिया गया। देर शाम तक प्रदर्शन का दौर चलता रहा। इससे पूर्व शुक्रवार की देर रात भी ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर नगर में प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकाला।