भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। भतरौंजखान में शराब की दुकान हटाने की मांग पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। जल्द दुकान न हटने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी। शनिवार को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक प्रमुख बेतालघाट आनंदी देवी के नेतृत्व में सीएम को ज्ञापन भेजते हुए कहा कि भतरौंजखान में रानीखेत रोड पर सरकारी शराब की दुकान नियमों के विरुद्ध खोली गई है। दुकान के पास मंदिर और स्कूल स्थित है। दुकान से ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध तरीके से शराब की तस्करी की जाती है, जिससे क्षेत्र के लोग परेशान हैं। जब शराब तस्करी के खिलाफ आवाज उठाते हैं तो जान से मारने तक की धमकी दी जाती है। मकान मालिक ने भी शराब व्यवसायी से मौखिक और लिखित रूप से दुकान को खाली करने की मांग की, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा। चेतावनी देते हुए कहा जल्द दुकान नहीं हटी तो आचार संहिता समाप्त होते ही बड़ा आंदोलन होगा।
इस मौके पर प्रधान सुणी रणजीत, रेखा पंत, गरिमा देवी, पद्मा देवी, गिरीश चंद्र भट्ट, राधा देवी, बसंती देवी, भुवन राम, दीपा देवी सहित कई लोग मौजूद रहे। संवाद