रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र के जंगलों की आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार की दोपहर यहां बूबूधाम के आरक्षित वन में आग धधक उठी। देखते-देखते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीन हेक्टेयर जंगल राख हो गया। वन विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद आग बुझाई। गत रात्रि चौकुनी के जंगल में भी लगी आग पर भी बमुश्किल काबू पाया गया।
क्षेत्र के जंगल इन दिनों भयानक आग की चपेट में हैं। बेतहाशा पिरूल गिरा हुआ है, ऐसे में छोटी सी चिंगारी भी भीषण आग का कारण बन रही है। बुधवार की दोपहर यहां बूबूधाम के आरक्षित वन क्षेत्र में आग भड़क उठी। यह जंगल पूरी तरह से चीड़ का है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
वन क्षेत्राधिकारी दीवानी राम के नेतृत्व में वन कर्मियों ने बमुश्किल दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। चौकुनी और मौना के जंगल में लगी आग भी बुझ गई है। चौकुनी के आरक्षित और मौना में वन पंचायत के जंगल में भयानक आग लगी थी, इसे भी देर रात बुझा लिया गया।
चौकुनी में आग बुझाने में द्वाराहाट आईटी कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी सहयोग किया। पदाधिकारी उस वक्त हरिद्वार की तरफ जा रहे थे। इस नारायण रावत, सुमित शाह, नरेंद्र रावत, जीवन राणा, प्रकाश अधिकारी आदि ने सहयोग किया।