आग बुझाते अग्निशमन विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। शार्ट सर्किट से धारानौला स्थित सरकारी आवास विकास कालोनी में घर के एक कमरे में आग लग गई। उस समय कमरे में कोई नहीं था और गृह स्वामी परिवार के साथ हल्द्वानी गए हुए थे। धुआं उठते देख आसपास के लोगों ने आग बुझाना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने भी समय रहते आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार बीएसएनएल कालोनी में दो मंजिले में रहने वाले कर्मचारी देवेंद्र कुमार होली की छुट्टियों में परिवार समेत हल्द्वानी गए हुए थे। बृहस्पतिवार सुबह अल्मोड़ा स्थित उनके कमरे में शार्ट शर्किट हुआ और कमरे से धुआं उठने लगा।
आसपास के लोगों ने धुआं उठता देखा तो गृह स्वामी को फोन पर सूचना दी और कमरे का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच पड़ोसी चंपक जोशी ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने आग पर तुरंत काबू पा लिया। कमरे के पर्दे, कपड़े, कुर्सी और सोफा आग से जल गया। एक तरफ की दीवार को भी नुकसान पहुंचा है। इधर सूचना मिलने के बाद शाम को देवेंद्र कुमार भी अल्मोड़ा पहुंच गए।