रानीखेत में सदर बाजार स्थित परचून की एक दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख आसपास अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रानीखेत में सदर बाजार स्थित परचून की एक दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठने पर आसपास रहने वाले लोगों और व्यापारियों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दुकान में रखा सामान जल गया। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
विज्ञापन
सोमवार सुबह के समय सदर बाजार स्थित कैलाश पांडे की परचून की दुकान में आग लग गई। आसपास के व्यापारी और लोग निकले तो दुकान से धुआं और आग की लपटें उठ रहीं थीं। उन्होंने सूचना व्यापारी को दी। व्यापारी ने दुकान का ताला खोला तो भीतर रखा सामान जल चुका था। सभी लोग आग बुझाने में जुट गए। सूचना के बाद यूपीसीएल के कर्मचारियों ने घटना का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी।
दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही बुझ गई आग
दमकल विभाग के प्रभारी वंश नारायण यादव ने कहा कि घटना की सूचना मिली थी। कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले की आग बुझा दी गई। लोगों की तत्परता से बड़ी घटना होने से बच गई।
समय पर नहीं बुझती तो अन्य दुकानें भी आ सकती थीं चपेट में
सदर बाजार में परचून की दुकान से सटी और इसके आसपास आठ से अधिक दुकानें संचालित हैं। ऐसे में यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यहां की आग अन्य दुकानों में भी फैल सकती थी जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। स्थानीय लोगों और व्यापारियों की तत्परता से बड़ी घटना होने से बच गई।