भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विद्युत सब स्टेशन भिकियासैंण में रविवार रात जोरदार धमाके के साथ फीडर में आग लग गई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने सूझबूझ से आग पर काबू किया। फीडर फुंक जाने से विद्युत और पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है।
रविवार रात 12 बजे के आसपास विद्युत सब स्टेशन के फीडर में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। इससे वहां ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने सूझबूझ के साथ लाइन ब्रेक कर दी और मशक्कत से आग पर काबू पा लिया और भवन को जलने से बचा लिया।
फीडर फुंक जाने से क्षेत्र के दो सौ से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप है। भिकियासैंण, भवानीदेवी और चमड़खान पंपिंग पेयजल योजना में रात को पानी लिफ्ट न होने से डेढ़ सौ से अधिक गांवों में सोमवार को पेयजल आपूर्ति बाधित रही है। यहां रहने वाले ग्रामीणों ने किसी तरह प्राकृतिक स्रोतों से थोड़ा बहुत पानी का इंतजाम किया।
इधर फीडर के मरम्मत का काम भी तेजी के साथ किया जा रहा है। एसडीओ आरएस रावत ने कहा है फॉल्ट को ठीक कराया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी थी।