अल्मोड़ा। वर्ग सात की भूमि में मालिकाना हक देने की मांग को लेकर नैनी क्षेत्र के किसानों का एक शिष्टमंडल उत्तराखंड क्रांति दल के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला और समस्या का समाधान करने की मांग की। काश्तकारों का कहना था कि 2012 में वर्ग सात की भूमि को उनके नाम चढ़ाने के लिए निर्धारित लगान जमा करा दी दिया था, लेकिन चार वर्ष बाद भी भूमि पर उन्हें मालिकाना हक प्राप्त नहीं हुआ है।
अल्मोड़ा तहसील के अलावा अन्य तहसीलों में उक्त किस्म की भूमि में किसानों को मालिकाना हक मिल चुका है। नैनी क्षेत्र में लगान जमा होने के बावजूद मालिकाना हक नहीं मिलने से नैनी-सेराघाट मोटर मार्ग के अंतर्गत आने वाली भूमि का मुआवजा भी किसानों को नहीं मिल पाया है। उक्त मार्ग में कई किसानों के मकान भी तोड़े गए।
शिष्टमंडल में उक्रांद महामंत्री ब्रह्मानंद डालाकोटी, युवा जिलाध्यक्ष शिवराज बनौला, गंगा दत्त, भवानी दत्त, दीवान सिंह, पूरन सिंह आदि शामिल थे। इधर उक्रांद ने किसानों को भूमि पर मालिकाना हक देने की मांग का समर्थन करते हुए शीघ्र किसानों को उनके मकानों, काटी गई भूमि, फलदार वृक्षों का मुआवजा देने की मांग की है।