अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए द्वितीय चरण में पंजीकरण एक अगस्त से पंद्रह अगस्त तक होगा। इसको लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय सभागार में हुई कार्यशाला में मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने सीएम स्वास्थ्य बीमा योजना का अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरसी पंत ने बताया कि सरकारी कर्मचारियों, पेंशनर्स, आयकर दाताओं को छोड़कर सभी एपीएल, बीपीएल परिवार इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उपचार के लिए 50 हजार, मरीज के अस्पताल में भर्ती होने की दशा में 1.25 लाख का योजना के तहत बीमा लाभ मिलेगा।
योजना के तहत पंजीकरण एक अगस्त से पंद्रह अगस्त तक होंगे। कार्ड बनाने के उपरांत आशा द्वारा लाभार्थियों से पंजीकरण शुल्क 50 रुपये लिया जाएगा। उन्होंने सभी स्कूलों से अपील की कि प्रार्थना के समय बच्चों को योजना की जानकारी दें। ताकि अधिक से अधिक लोगों तक योजना का लाभ पहुंच सके।
योजना के लिए सीएमओ कार्यालय में समन्वयक सीएम स्वास्थ्य बीमा योजना तरुण लोहनी से संपर्क किया जा सकता है। कार्यशाला में जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.केसी भट्ट, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सविता ह्यांकी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी महिला अस्पताल डा. निशा पांडे, बेस के मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. टीबी डिमरी, डा. योगेश पुरोहित, जिला मलेरिया अधिकारी डा. बीबी जोशी आदि मौजूद थे।