अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर में आगामी 14 सितंबर से शुरू होने जा रही फाइनल सेमेस्टर की परीक्षा की तैयारी जोरों पर हैं। बाहरी राज्यों और अन्य जिलों में रहने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं छात्रावासों में पहुंच चुके हैं। छात्रावासों के भवनों और परिसर के कक्षा कक्षों को लगातार सैनिटाइज किया जा रहा है। इस परीक्षा में एसएसजे परिसर में करीब एक हजार छात्र-छात्राओं के शामिल होने की उम्मीद है।
परिसर निदेशक प्रो. जेएस बिष्ट ने बताया कि परीक्षाएं 14 सितंबर से होनी हैं। छात्रावास में प्रवेश से पहले बाहर से पहुंचने वाले हर छात्र-छात्रा का कोविड परीक्षण किया जा रहा है। निगेटिव रिपोर्ट आने पर भी उन्हें छात्रावास में प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा के दौरान परिसर में प्रवेश के लिए सिर्फ दो गेट बनाए जा रहे हैं। दोनों गेटों में मशीनें लगी होंगी। किसी छात्र-छात्रा का स्वास्थ्य ठीक नहीं होगा तो मशीन उसे तुरंत चिह्नित कर लेगी।
परीक्षा के दौरान परिसर से निकलने वाली रोड पर यातायात प्रतिबंधित
अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर में 14 सितंबर से शुरू हो रही फाइनल सेमेस्टर की परीक्षाओं के दौरान परिसर से होकर लोअर माल रोड तक जाने वाली सड़क पर यातायात पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परिसर निदेशक प्रो. जेएस रावत ने बताया कि परिसर के शिक्षक और छात्रों आदि के वाहनों को भी इधर से उधर निकलने की अनुमति नहीं मिलेगी।