ऐतिहासिक हितचिंतक और स्याल्दे बिखोती मेला परिसर से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर आंदोलन चला रहे लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। शनिवार की सुबह नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर उन्होंने ताले जड़ दिए। इस दौरान अधिशासी अधिकारी सहित तमाम कर्मचारियों को एक घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान फैसला लिया गया कि रविवार से नगर पंचायत कार्यालय परिसर में ही बेमियादी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर द्वाराहाट में धरना प्रदर्शन 14वें दिन भी जारी रहा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आंदोलनकारी नगर पंचायत कार्यालय जा धमके। वहां कार्यालय में तालाबंदी कर दी और अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार सहित तमाम कर्मचारी को बंद कर दिया। इस बीच आंदोलनकारियों ने कार्यालय परिसर में ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कहा कि नगरपंचायत की ढिलाई के चलते अतिक्रमणकारियों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। नगर पंचायत में नक्शा पास हुए बगैर निर्माण कार्य कर दिया गया और अधिकारी, कर्मचारी खामोश बैठे रहे। एक घंटे बाद उन्होंने ताले खोले। उसके बाद ईओ से वार्ता हुई।
ईओ ने हाईकोर्ट में सुनवाई का हवाला देते हुए 23 फरवरी तक की मोहलत मांगी, लेकिन उन्होंने साफ इंकार कर दिया साथ ही रविवार से नगर पंचायत में ही धरना देने का ऐलान कर दिया।