विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा है कि शिक्षकों का दायित्व है कि वह स्कूलों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारित शिक्षा दें। श्री कुंजवाल जीजीआईसी दन्यां में कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्कूलों में अतिथि शिक्षकों की तैनाती कर दी है। शिक्षक स्कूलों में आदर्श शैक्षणिक माहौल तैयार कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें। उन्होंने स्कूल की पेयजल समस्या, इंटर स्तर का भवन बनाने का आश्वासन दिया। मैदान निर्माण के लिए विधायक निधि से एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि दन्यां ग्राम पंचायत की समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। संपर्क मार्ग निर्माण के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती महरा ने स्कूल की सफाई व्यवस्था और अनुशासन को सराहा। ब्लाक प्रमुख पीतांबर पांडे, डीसीबी अध्यक्ष प्रशांत भैसोड़ा, जिला पंचायत सदस्य निर्मला भैसोड़ा, बीईओ बीएल भारती, कांग्रेस संगठन मंत्री पूरन बिष्ट, आनंद जोशी, सतीश पंत, प्रधानाचार्य रजनी जोशी, हेमा नयाल, विनीता वर्मा आदि ने भी विचार रखे। अध्यक्षता किशन जोशी और संचालन आनंद जोशी ने किया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।