पेट्रोल के दाम में पांच रुपये प्रति लीटर से अधिक की बढ़ोतरी, सस्ते गल्ले की दुकानों के चावल के मूल्य बढ़ाने समेत अन्य मुद्दों को लेकर भाजपाइयों ने पनुवानौला कस्बे में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह कर रही है और महंगाई को बढ़ावा दे रही है।
भाजपाई पनुवानौला कस्बे में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोल के दाम कम कर रही है, लेकिन कांग्रेस की राज्य सरकार ने पेट्रोल का मूल्य राज्य में पांच रुपये प्रति लीटर से अधिक बढ़ा दिया है। एपीएल कार्ड धारकों को मिलने वाले चावल में दो रुपये बढ़ा दिए गए हैं वहीं कार्ड में मिलने वाला गेहूं का कोटा 10 किलो से घटाकर पांच किलो प्रतिमाह कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस सरकार अनर्गल बयानबाजी कर जनता को गुमराह कर रही है। जनता आगामी चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाएगी।
कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह पिलख्वाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, सुभाष पांडे, केशर सिंह मेहता, प्रकाश भट्ट, बलंत सिंह गैड़ा, मंगल सिंह रावत, लक्ष्मण सिंह रावत, गोपाल सिंह चम्याल, मोते सिंह, मनोज पंत, डीके जोशी, पूरन पालीवाल, जगदीश भट्ट, हरीश नेगी, सुमित पांडे, रवि बनौला, राजेंद्र सिंह रौतेला, गोधन सिंह भैसोड़ा, खीम सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह गैड़ा, रूप सिंह बिष्ट, गोपाल सिंह बिष्ट आदि शामिल हुए। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने जयंती पर जनसंघ के संस्थापक सदस्य रहे पं. दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया।