अल्मोड़ा। राजकीय वाहन चालक महासंघ जिला शाखा की रविवार को विकास भवन परिसर में बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि राजकीय वाहन चालकों ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दो से तीन माह कार्य किया, लेकिन निर्वाचन कार्यालय ने अब तक भुगतान नहीं किया है। उन्होंने भुगतान शीघ्र करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि राजकीय वाहन चालकों का ग्रेड पे 2400 (लेबल चार) को इग्नोर कर लेबल पांच में प्रथम लाभ प्रदान किया जाए ताकि 20 वर्ष की सेवा पर वाहन चालक लेवल आठ का लाभ प्राप्त कर सकें। अधिकांश विभागों में वाहन चालकों के रिक्त पदों को जल्द भरा जाए। कई विभागों में अनुबंधित टैक्सी वाहन लगाए गए हैं। टैक्सी प्रथा खत्म कर नए वाहन क्रय किए जाए। अधिकांश विभागों में राजकीय, अनुबंधित वाहन वीआई स्कॉर्ट कार्य के लिए लिया जाता रहा है जबकि यह कार्य पुलिस का है।
कुछ अधिकारी जिले से बाहर राजकीय और टैक्सी वाहनों (अनुबंधित वाहन) का निजी कार्य के लिए प्रयोग किया जा रहा है जिसका संगठन विरोध करता है। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पूरन सिंह और संचालन जिला मंत्री उमेश सिंह ने किया। बैठक में रमेश चंद्र, उमेश सिंह, हरीश बोरा, हेम चंद्र, पीसी जोशी, जगत सिंह, तारा पांडे, दयाल मेहता, कमलापति, बालम सिंह भाकुनी, ओम प्रकाश, महेश प्रसाद, राजेंद्र कुमार, अरविंद शर्मा आदि मौजूद रहे।