गर्मी से पेयजल योजनाओं के स्रोतों में पानी कम हो गया है। इस कारण लमगड़ा विकासखंड के कई गांवों में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। ग्रामीण नौले और प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढो रहे हैं। पानी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चौकुना, सैनोली, बरम, नौगांव, बिरखम, थामथोली, मझाऊ, बाराकोट आदि गांवों में पेयजल किल्लत बढ़ गई है। ग्रामीणों का अधिकांश समय परिवार और मवेशियों के लिए पानी जुटाने में ही बीत रहा है। स्टैंड पोस्टो में घंटों इंतजार करने के बाद भी लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल रहा है। नौगांव निवासी अमर सिंह बोरा ने बताया कि गांव में पानी की किल्लत होने के कारण पूरा दिन पानी जुटाने में ही बर्बाद हो रहा है। बरम निवासी कुशल सिंह ने बताया कि पेयजल योजना के मुख्य स्रोत में पानी कम होने के कारण गांव में पेयजल संकट चल रहा है।