चौघानपाटा के समीप एक घर में नल से आया गंदा पानी। (विज्ञप्ति)
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। नगर के चौघानपाटा स्थित मोहल्लों समेत मुख्य बाजार क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति होने से लोगों में आक्रोश है। लोगों ने जल संस्थान से साफ पेयजल आपूर्ति की मांग उठाई है।
नगर के चौघानपाटा क्षेत्र के अलावा थपलिया और आसपास के मोहल्लों में नलों से गंदा पानी आ रहा है। इसके अलावा मुख्य बाजार क्षेत्र में हुक्का क्लब और आसपास के मोहल्लों में भी गंदा पानी की सप्लाई हुई है। लोगों ने बताया कि पानी पीने योग्य नहीं था और काफी मटमैला पानी आया। जो कि पीने योग्य नहीं है। इस पर लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ नाराजगी जताई है। इधर कुछ समय पूर्व भी चौघानपाटा और आसपास के क्षेत्रों में दूषित पेयजल की सप्लाई हुई थी।
कांग्रेस के नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने दूषित पेयजल आपूर्ति होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि जल संस्थान को लोगों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति करनी चाहिए। इधर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता केएस खाती कहना है कि संभवतया व्यक्तिगत लाइनों में लीकेज के चलते कुछ स्थानों और घरों में गंदे पानी की आपूर्ति हुई होगी। उन्होंने बताया कि कार्मिकों को संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर लाइनों को दुरुस्त करने के लिए निर्देशित किया गया है।