आवासीय विवि को अल्मोड़ा में खुले छह माह होने वाले हैं। इन छह माह में विभिन्न कोर्सों में 172 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। जिसमें से 115 विद्यार्थी वर्तमान में ट्रेनिंग के साथ-साथ मानदेय भी प्राप्त कर रहे हैं। विवि अब नए वर्ष में नए कोर्स शुरू करने जा रहा है। इन कोर्स में कंप्यूटर डिजाइनिंग इन ऑटोमोबाइल्स और डिजिटल मार्केटिंग कोर्स प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इस वर्ष 27 जुलाई को पांडेखोला में किराए के भवन में आवासीय विवि खुला था। आवासीय विवि में ऑटोमोबाइल्स एंड मैन्यूफैक्चरिंग, अतिथि प्रबंधन, बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन, साइबर सेक्यूरिटी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और बायो फ्यूल छह कोर्स चलाए गए। इन सभी कोर्सों में 172 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। 30-30 के बैच वाले इन कोर्सों को करने के दौरान ही ऑटोमोबाइल, अतिथि प्रबंधन, साइबर सेक्यूरिटी और इंटरनेट आफ थिंग्स आदि विषय से संबंधित करीब 115 छात्रों को दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, हैदराबाद आदि जगहों पर ट्रेनिंग के लिए भेज दिया गया है। जहां ट्रेनिंग के दौरान छात्रों को मानदेय भी दिया जा रहा है, जबकि बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन और बायोफ्यूल विषय से संबंधित छात्रों की भी जल्द ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी। वर्तमान में आवासीय विवि में विभिन्न विषयों को पढ़ाने के लिए 18 अध्यापकों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा कंप्यूटर विषय से संबंधित कोर्सों में स्काइप के जरिए अमेरिका से अध्यापक कोर्स से संबंधित विषयों को पढ़ा रहे हैं और ऑनलाइन अध्ययन भी इन छात्रों को कराया जा रहा है। आवासीय विवि में एससी, एसटी, ओबीसी और बीपीएल परिवार के छात्रों को प्रवेश में 25 प्रतिशत की छूट दी गई है। जबकि सामान्य वर्ग के लिए प्रति सेमेस्टर फीस 15 हजार रुपये है।
इधर आवासीय विवि के कुलपति प्रो. एचएस धामी ने बताया कि विवि नए वर्ष में कुछ और नए कोर्स शुरू करने जा रहा है। जिसमें जनवरी में डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स प्रमुख रूप से शामिल है। जिसमें छात्रों को जीएसटी और डिजिटल मार्केटिंग ट्रांजेक्शन के बारे में बताया जाएगा। जुलाई से कंप्यूटर डिजाइनिंग इन ऑटोमोबाइल कोर्स शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा अतिथि प्रबंधन और आटोमोबाइल में भी नया बैच शुरू होने जा रहा है।