सीएमओ की मौजूदगी में आंदोलनकारियों को लिखित समझौते की कापी सौंपते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्य चिकित्साधिकारी निशा पांडे के आश्वासन के बाद डाक्टरों की नियुक्ति को लेकर चल रहा धरना समाप्त हो गया। सीएमओ ने कहा कि स्थायी व्यवस्था होने तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया की महिला रोग विशेषज्ञ सप्ताह में दो दिन द्वाराहाट में सेवाएं देंगी। बेस चिकित्सालय के रेडियालॉजिस्ट को भी माह में दो दिन द्वाराहाट में बैठने के निर्देश दिए गए हैं। वार्ता के दौरान पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी भी मौजूद थे। आश्वासन पूरे नहीं होने पर बीडीसी सदस्य नारायण अधिकारी ने फिर से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
मालूम हो कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट में लंबे समय से चिकित्सकों के अधिकांश पद रिक्त पड़े हुए हैं, जिसके चलते बीडीसी सदस्य नारायण अधिकारी पिछले एक हफ्ते से वहां आंदोलन कर रहे थे, आंदोलन को लोगों का भारी समर्थन मिल रहा था। इधर मंगलवार को सीएमओ निशा बिष्ट, उपजिलाधिकारी फिंचा राम अधिकारियों के साथ वहां वार्ता को पहुंचे। पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, बीडीसी सदस्य नारायण अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता नारायण रावत सहित तमाम लोगों के साथ वहां अधिकारियों की समझौता वार्ता हुई।
तय हुआ कि स्थायी व्यवस्था होने तक चौखुटिया की महिला रोग विशेषज्ञ सप्ताह में दो दिन द्वाराहाट में बैठेंगी, लंबे समय से जंक खा रही रेडियोलॉजिस्ट मशीन को चलाने के लिए बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा के डाक्टर को माह में दो बार द्वाराहाट बैठने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र में तैनात कर्मचारी रोटेशन प्रणाली के अनुसार आपातकालीन सेवाएं भी देंगे। इसके बाद आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की गई। इस दौरान धन सिंह, विजय बजेठा, दिवान गिरि, मनोज अधिकारी, कैलाश आर्या, विरेंद्र बजेठा, बचुली देवी, चंदन नेगी, तारा गिरि, राधा किरौला, मोहन रावत, देव सिंह, दीपा मठपाल, दीपू अधिकारी, प्रताप सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।