विकास भवन-बेस अस्पताल सड़क पर डामरीकरण की मांग पर कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन करते सड़क संघर्ष समि
अल्मोड़ा। विकास भवन से बेस अस्पताल तक करीब आठ किमी सड़क पर डामरीकरण कराने की मांग के लिए सड़क संघर्ष समिति के पदाधिकारी और गर गूठ, भनार, रैखोली, रैलापाली, पहल, तलाड़, बारी तथा सैनार गांव के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाद में ग्रामीण डीएम वंदना सिंह से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपकर जल्द डामरीकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनय किरौला के नेतृत्व में ग्रामीण और समिति के सदस्य कलक्ट्रेट पहुंचे। किरौला ने बताया कि विभिन्न गांवों को जोड़ने वाली इस सड़क पर कई वर्षों से डामरीकरण नहीं किया गया है। हल्की बारिश में भी इस सड़क पर आवाजाही थम जाती है।
ग्रामीणों ने कहा कि बरसात का मौसम नजदीक है। यदि समय रहते डामरीकरण नहीं हुआ तो मानसूनकाल में न तो राशन गांवों में पहुंचेगा और ना ही रसोई गैस। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार डामरीकरण की मांग उठाने के बाद भी उनकी मांग को अनसुना किया जा रहा है। डीएम ने ग्रामीणों को इस मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही का आश्वासन दिया। वहां डॉ. एसडी शर्मा, दिवान सिंह परिहार, प्रकाश चंद, प्रधान तलाड़ किशन बिष्ट, प्रधान रैखोली हेम सिंह भंडारी, गीता देवी, दीपा मेहता, बसंती देवी, कमलेश जोशी सहित कई लोग मौजूद रहे।