संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते व्यापार मंडल के पदाधिकारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। गिरती स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अब व्यापार मंडल भी मुखर हो गया है। व्यापारी नेताओं का कहना है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों का अभाव पहले ही राजकीय अस्पताल में था। अब ब्लड बैंक के एकमात्र लैब तकनीशियन से स्टाफ क्वार्टर खाली करवा दिया गया है। इस कारण दूरदराज से आने वाले लोगों को खून के लिए परेशान होना पड़ रहा है। व्यापार नेताओं ने संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडे को ज्ञापन सौंप तत्काल तकनीशियन को स्टाफ क्वार्टर उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है।
ज्ञापन में व्यापारी नेेताओं का कहना है कि रानीखेत राजकीय अस्पताल के ब्लड बैंक में एक ही तकनीशियन कार्यरत है। रात में भी यदि मरीज को रक्त की जरूरत पड़ती है तो वह तत्काल व्यवस्था कर देते थे। अब उनसे स्टाफ क्वार्टर खाली करवा लिया गया है। इससे दिक्कतें बढ़ गई हैं। दूरदराज से आने वाले रोगियों को भारी परेशानी हो रही है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाएं पहले ही रामभरोसे हैं। फिजिशियन तक अस्पताल में तैनात नहीं है। जैसे तैसे रक्त चढ़ाने और लेने की व्यवस्था बन रही थी, अब अस्पताल प्रशासन ने तकनीशियन अजय मेहरा से स्टाफ क्वार्टर खाली करवा लिया है। अब वह प्राइवेट में दूर क्वार्टर लेंगे, ऐसे में परेशानी रोगियों को ही झेलनी पड़ेगी। कहा कि स्थायी रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण अल्ट्रासाउंड की परेशानी हो रही है। एसएमएस सितंबर अंत में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। वही अल्ट्रासाउंड भी कर रहे थे। ज्ञापन देने वालों में कोषाध्यक्ष दीपक पंत, उपसचिव मनोज पंत, सोनू सिद्दीकी के हस्ताक्षर थे।