द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। नगर क्षेत्र में पानी की किल्लत को लेकर गुस्साए जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने सुबह यहां शीतलापुष्कर मैदान में आमरण अनशन शुरू कर दिया। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद जोशी अनशन पर बैठे। भनक लगते ही प्रशासन की टीम विभागीय अधिकारियों को मौके पर ले आई और एक सप्ताह के भीतर समस्या के निराकरण का ठोस आश्वासन देकर अनशन स्थगित करवा दिया। अनशनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय सीमा तक सार्थक कार्रवाई नहीं होती तो 22 सितंबर से फिर अनशन किया जाएगा।
नगर क्षेत्र में पानी की समस्या लंबे समय से है। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि कई बार डीएम सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ। आक्रोशित लोग शीतलापुष्कर मैदान में विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। घोषणा के अनुरूप पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद जोशी आमरण अनशन पर बैठ गए। इसकी सूचना मिलते ही हरकत में आए प्रशासन और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। आंदोलनकारियों ने जल संस्थान की कार्यप्रणाली पर जमकर भड़ास निकाली। कहा कि माह में केवल दस दिन नाकाफी पानी मिल रहा है जबकि बिल पूरे महीने का चुकाया जा रहा है। पानी की लाइनें कई जगह फटी हैं। हजारों लीटर पानी बरबाद हो रहा है, लेकिन विभाग समस्या नहीं सुलझा रहा। एसडीएम आरके पांडे की मध्यस्थता में विभागीय अधिकारियों ने एक हफ्ते के भीतर समस्या सुलझाने का आश्वासन दिया।
एसडीएम ने टुल्लू पंप लगाने वालों की मांगी सूची
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। एसडीएम आरके पांडे ने जल संस्थान के अधिकारियों से 100 केएल क्षमता का टैंक बनाने और योजना की मरम्मत का आगणन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रामगंगा फेज दो योजना के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने टुल्लू पंप लगाने वालों की सूची बनाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान सभासद प्रमोद कुमार, जेई एसएस रौतेला, मान सिंह अधिकारी, एसडी जोशी, जगत सिंह नेगी, मोहन जोशी, कमल साह, निर्मल मठपाल, हेम मठपाल, अनिल चौधरी, बसंत साह, केएस राणा, मनोज मठपाल, गोविंद साह, देवकी किरौला, प्रभा जोशी, दीपा अधिकारी, उमा जोशी, रेखा किरौला, हेमा कांडपाल आदि रहे।