धौलछीना (अल्मोड़ा)। विकासखंड के दियारी गांव में 20 वर्षीय गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया है।
ग्राम दियारी निवासी दीवान सिंह की पत्नी मीनाक्षी (20) शुक्रवार शाम अचानक मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मीनाक्षी छह माह से गर्भवती थी, जिसकी पिछले तीन-चार दिनों से तबियत खराब चल रही थी। रात में उसे अत्यधिक रक्तस्राव और उल्टियां हुईं। इसके बाद अस्पताल ले जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मीनाक्षी की शादी पिछले साल नवंबर 19 में हुई थी। मौत की सूचना मिलने के बाद पल्यूं के राजस्व उपनिरीक्षक कृपाल सिंह बेलवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया। उन्होंने बताया कि मृतक के मायके पक्ष को भी बुलवाया जा रहा है। मायके पक्ष की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पूछताछ के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।