बागेश्वर। अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 की साइकिल रेस रविवार को बागेश्वर से अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। इसमें 18 राज्यों के 80 साइकिलिस्ट शामिल हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी कठिन पहाड़ी रास्तों को पार कर मसूरी तक पहुंचेंगे। ऐतिहासिक नुमाइशखेत मैदान से जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुक्तेश्वर से हुआ था। इसके बाद साइक्लिस्ट पिथौरागढ़ होते हुए बागेश्वर पहुंचे। यहां से वे तिलवाड़ा होते हुए मसूरी के लिए रवाना हुए जहां प्रतियोगिता का समापन होगा। प्रतियोगिता में करीब 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने कहा कि उत्तराखंड साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है। इस तरह के आयोजन देशभर के खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हैं। साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सह सचिव शैलेंद्र पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 80 साइक्लिस्ट 658 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।