अल्मोड़ा। सावन माह शुरू होने से पूर्व ही जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव, बम-बम भोलेनाथ के जयकारे गूंजे। सुबह से ही मंदिर में शिव भक्तों का तांता रहा।
कुमाऊं में सावन माह 16 जुलाई से शुरू हो रहा है। वहीं मैदान में बीते 11 जुलाई से सावन माह शुरू हो चुका है। मैदान के हिसाब से सावन के पहले सोमवार को बाहरी स्थानों से काफी संख्या में श्रद्धालु जागेश्वर धाम दर्शन करने को पहुंचे। सुबह से ही मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार के सुख समृद्धि की कामना की।