शिक्षा, पेयजल मंत्री मंत्रीप्रसाद नैथानी ने कहा कि राज्य में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। सरकार पर्यटन स्थलों के विकास को गंभीर है। नैथानी जगदीशिला यात्रा के दौरान शहरफाटक में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले नैथानी की अगुवाई में जगदीशिला डोली यात्रा शहरफाटक पहुंची। लोगों ने डोली का जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रपति के कार्यक्रम के चलते नैथानी शहरफाटक से ही देहरादून को लौट गए। इसके बाद डोली यात्रा जागेश्वर धाम होते हुए देर शाम अल्मोड़ा पहुंची। जगह-जगह डोली यात्रा का लोगों ने भव्य स्वागत किया।
शहरफाटक में हुए कार्यक्रम में जीआईसी के छात्र-छात्राओं ने यात्रा का पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने डोली की पूजा, अर्चना की। नैथानी ने भगवान जगदीशिला डोली यात्रा के बारे में बताया। कहा कि गरमी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार मूलभूल जरूरतों शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल आदि समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है।
जिले के संकटग्रस्त गांवों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए करोड़ों की लागत से योजनाएं निर्माणाधीन हैं। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी संसाधान जुटाए जा रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने मंत्री को कई समस्याएं बताईं। प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष दिनेश रावत ने प्रधानाचार्यों की पदोन्नति की मांग की। बताया कि मंत्री ने इसी माह के अंत तक पदोन्नति का आश्वासन दिया है। वहां अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक सुषमा सिंह, सीईओ एके सिंह, बीईओ विनय कुमार, तारा सिंह, प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष दिनेश रावत, अरुण कुमार, राजेंद्र मनराल, विनोद कुमार, शेखर बजेठा, कीर्ति बल्लभ, राधाकृष्ण थुवाल आदि मौजूद थे।