लाला बाजार निवासी 16 वर्षीय छात्र शुभम धवन की दुर्घटना में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके साथी प्रतीक लाल भारती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक प्रतीक लाल भारती के लापरवाही से बाइक चलाने पर बाइक रपट गई, जिससे शुभम सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया।
मालूम हो कि करीब एक माह पहले सिकुड़ा बैंड के पास हुई बाइक दुर्घटना में ग्यारहवीं के छात्र शुभम धवन की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि बाइक प्रतीक लाल भारती चला रहा था। बाइक से गिरने के बाद शुभम धवन एक ट्रक की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर तीन लोग सवार थे।
इस मामले को लेकर शुभम के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। इस मामले में लंबे समय से कोई कार्रवाई नहीं होने पर शुभम के परिजन और व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त था और उन्होंने शुक्रवार को एसपी ऑफिस का घेराव भी किया था। पुलिस ने कार्रवाई के लिए तीन दिन का समय मांगा था।
पुलिस ने शनिवार को लापरवाही से बाइक चलाने के आरोप में प्रतीक लाल भारती पुत्र सुमन लाल भारती को धारा 279, 337,338,304ए के तहत गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। कोतवाल संजय गर्ब्याल ने बताया कि आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। शुभम को कुचलने वाले ट्रक का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच जारी है और सबूत छिपाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।