जिला कारागार में पिछले दो साल से अधिक समय से बंद गंगोलीहाट तहसील के सन्यूड़ा गांव निवासी सजायाफ्ता 45 वर्षीय कैदी की बेस अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। कैदी कैंसर से पीड़ित था। कैदी को एक माह बाद सजा पूरी होने पर जेल से रिहा होना था।
गंगोलीहाट तहसील के पटवारी क्षेत्र खीरमांडे का सन्यूड़ा गांव निवासी चंदन ंसिंह (45) पुत्र महेंद्र सिंह धारा 411 में चोरी के मामले में दो साल से अधिक समय से बंद था। वह पांच हजार रुपये अर्थदंड नहीं चुका पाने के कारण दो माह की अतिरिक्त सजा काट रहा था। करीब एक माह बाद उसे जेल से रिहा होना था।
चंदन सिंह जेल आने से पहले से ही गले के कैंसर (सीए टौंसिल) बीमारी से पीड़ित था। वह बोल भी नहीं सकता था। पूर्व में भी उसका इलाज कराया गया। डिप्टी जेलर मेघराज सिंह ने बताया कि गत माह 28 अक्तूबर से छह नवंबर तक वह सुशीला तिवारी मेडिकल कालेज हल्द्वानी में भर्ती था।
उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। वहां से लाने के बाद उसे जेल प्रशासन ने गत दिवस सात नवंबर को बेस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां करीब रात 9:30 बजे उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर एसआई संतोष तिवारी के नेतृत्व में थाने से पुलिस भी मौके पर पहुंची। रविवार को कैदी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डिप्टी जेलर ने बताया कि मृतक कैदी का गांव सन्यूड़ा गंगोलीहाट तहसील में दूरस्थ क्षेत्र में है। उसके परिजनों को बुलाने के लिए जेल कर्मियों को भेजा गया है। देर शाम तक उनके पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद मृत कैदी का शव परिजनों को सौंपा जाएगा।