रीमा पुलिस चौकी क्षेत्र में चार बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात घर में घुसकर दंपति के साथ मारपीट की, उनके हाथ पांव बांधकर लाखों के जेवर, नगदी, मोबाइल लूट ले गए। घटना में घायल ग्रामीण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की पत्नी ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। बदमाश नेपाली बताए जा रहे हैं। पुलिस कप्तान ने शुक्रवार सुबह मौका मुआयना किया और घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीम गठित कर दी है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार शाम चार बदमाशों ने मोहली ग्राम पंचायत के कुलगड़ा तोक निवासी देवकी नंदन पाठक के घर पर धावा बोल दिया। घटना के समय देवकी नंदन और उनकी पत्नी किरन खाना खा रहे थे। चारों ने उनके साथ मारपीट की और उनके हाथ पांव बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने महिला के कुंडल उतार लिए। बदमाश घर से छह तोले सोने के जेवरात और 25 हजार रुपए और तीन मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ितों ने बदमाशों के जाने के दो घंटे बाद जैसे तैसे अपने को बंधन मुक्त किया । इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी गांव में बन रहे एक मंदिर में काम कर चुके हैं। शुक्रवार सुबह कप्तान एनएस नपलच्याल ने मौका मुआयना किया और बदमाशों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि बदमाशों का पता लगाने के लिए टीम गठित कर दी गई है।