दन्यां बाजार में मामूली कहासुनी के बाद हुए झगड़े में घायल बुजुर्ग की मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी है। मृतक के भतीजे की रिपोर्ट पर पुलिस ने मारपीट करने वाले पड़ोसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक रंगोड़ी निवासी लछम सिंह (80) पुत्र मदन सिंह का दन्यां बाजार में मकान है।
उनकी कोई संतान नहीं है। वह दन्यां बाजार के मकान में अकेले रहते थे। शुक्रवार को सुबह पड़ोस में रहने वाला पीतांबर जोशी (55) उनके घर में आ धमका और हासुनी के बाद उसने लछम सिंह से मारपीट की। इसके बाद उसने वृद्ध लछम सिंह को दोमंजिल से धक्का देकर आंगन में गिरा दिया।
इसके बाद लछम सिंह को घसीटकर 20 मीटर गहरी खाई में फेंक दिया। जिससे लछम सिंह को गंभीर चोट पहुंची। शोर मचने पर पहुंचे ग्रामीणों ने लहूलुहान बुजुर्ग को उपचार के लिए प्राथमिक अस्पताल धौलादेवी पहुंचाया। उपचार के बाद शुक्रवार शाम को लोग लछम सिंह को घर ले आए लेकिन देर रात लछम सिंह की मौत हो गई।
मिलनसार स्वभाव के लछम सिंह की मौत की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के भतीजे जगत सिंह ने थाना पुलिस में आरोपी पीतांबर जोशी के खिलाफ हत्या करने की तहरीर दी है। थाना पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया गया है। जांच करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।