छावनी परिषद के बिजली लाइनमैन की पोल से गिर कर मौत हो गई। वह ठंडी रोड स्थित पाठक बेकर्स के पास स्थित पोल पर स्ट्रीट लाइट ठीक कर रहा था।
छावनी परिषद के विद्युत लाइनमैन कृपाल सिंह मेहरा (52) पुत्र नैन सिंह मेहरा शुक्रवार की दोपहर ठंडी रोड में सरस्वती स्कूल और पाठक बेकर्स के समीपवर्ती पोल पर स्ट्रीट लाइट चेक कर रहे थे, पोल पर वह सीढ़ी के सहारे चढ़े थे। तभी अचानक सड़क पर गिर गए और बेहोश हो गए। काफी मात्रा में खून भी बह रहा था। कुछ देर बाद छावनी परिषद के कर्मचारी उसे अपने वाहन में राजकीय अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। लाइनमैन कृपाल सिंह के दो पुत्र हैं वह बाहर रहते हैं, जबकि कृपाल सिंह अपनी पत्नी के साथ यहां कैंट के सेवा सदन क्वार्टर में रहते थे।
कृपाल सिंह मिलनसार प्रवृति के थे, घटना की सूचना मिलते ही, पूर्व विधायक करन माहरा, छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी, हरीश लाल शाह, सभासद संजय पंत, विनोद कुमार, सहित छावनी परिषद का पूरा स्टाफ अस्पताल पहुंच गया। पोस्टमार्टम करने वाले डा. दीप प्रकाश ने बताया कि सिर के दाहिने तरफ की हड्डी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इधर नेता प्रतिपक्ष के मीडिया सलाहकार राजेंद्र जसवाल ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने भी टेलीफोन पर संवेदना जताई है।