सोमवार रात लोअर मालरोड के खोल्टा में हुई दुर्घटना में 45 वर्षीय मोटर साइकिल सवार बीमा एजेंट की मौत हो गई। बागेश्वर के बैजनाथ थाने के दर्शानी गांव निवासी चंद्रशेखर पांडे (45) पुत्र नंदाबल्लभ पांडे सोमवार रात करीब 8:30 बजे होंडा साइन मोटर साइकिल नंबर यूके 04एस/8467 से लोअर मालरोड से बेस की ओर जा रहे थे तभी खोल्टा के पास मोटरसाइकिल असंतुलित होकर सड़क से नीचे गिर गई।
दुर्घटना में चंद्रशेखर पांडे को गंभीर चोट पहुंची। आसपास के लोगों ने घायल को खाई से निकाला और 108 एंबुलेंस से बेस अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान चंद्रशेखर की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वह बीमा एजेंट का काम करते थे और दो बहनों के इकलौते भाई थे।